राजस्थान की शाही विरासत, भव्यता और पारंपरिक सौंदर्य को रैंप पर उतारने के लिए ब्राइडल और ज्वेलरी शो ‘शादियां’ अपने छठे अध्याय के साथ एक बार फिर लौट आया है। यह आयोजन 11 अक्टूबर को क्लार्क्स आमेर, जयपुर में होगा, जिसमें 2026 के नए ट्रेंड्स, लाइट वेट ब्राइडल कलेक्शन, और जेन-जी फ्रेंडली डिजाइन्स का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर हैरिटेज नगर निगम की मेयर सौम्या गुर्जर होंगी, जो ‘स्वदेशी’ अभियान को बढ़ावा देते हुए आयोजन की शोभा बढ़ाएंगी। इस एडिशन में गुजरात के राजकोट स्थित ‘निखार’ से डिजाइनर्स लक्ष्मीबा और नीलमबा अपने रॉयल ट्रेडिशनल राजपूती परिधानों और प्राचीन राजस्थान की हेवी एम्ब्रॉयडरी को रैंप पर प्रस्तुत करेंगी। वहीं श्रीहरी ज्वेल्स एंड आर्ट्स अपने पारंपरिक कुंदन, मीना, गोल्ड और पोल्की ज्वेलरी कलेक्शन को प्रदर्शित करेगा। इसके बाद डिजाइनर गजेंद्र पाल भाटी अपने लेबल ‘दिवा’ के साथ लाइट वेट ब्राइडल और हैंड-प्रिंटेड शिफॉन साड़ियों की आकर्षक श्रृंखला पेश करेंगे। मालाबार गोल्ड इस मंच पर अपने एक्सपेरिमेंटल लाइट वेट गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी के साथ नया ट्रेंड सेट करने को तैयार है। पुरुष फैशन में, लेबल सरपेच आधुनिक ग्रूम वियर और फेस्टिव पार्टी कलेक्शन के जरिए रैंप पर चमकेगा। ज्वेलरी डिजाइनर आयुष सोनी युवा और जेन-जी ब्राइड्स के लिए कॉकटेल व लाइटवेट ज्वेलरी का फ्यूजन पेश करेंगे, जिसमें मल्टीवे यूज डिजाइन इस बार की खास झलक होंगे। शो के दौरान देशभर के आठ प्रमुख ज्वेलरी डिजाइनर्स को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए विभिन्न टाइटल्स के तहत सम्मानित किया जाएगा। आयोजक संचित माथुर ने बताया कि हर अध्याय के साथ ‘शादियां’ को और बड़े स्तर पर लाने की कोशिश की जा रही है। इस बार हमने खासतौर पर यंग ब्राइड्स और फेस्टिव फैशन लवर्स को ध्यान में रखते हुए लाइट वेट ब्राइडल वियर और ज्वेलरी को प्रमुखता दी है।
