फाजिल्का के अबोहर में एक व्यापारी विजय अदलखा (54) ने अपने किराए के मकान में लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 2 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, गली नंबर 11 में स्थित होप गारमेंट के संचालक विजय अदलखा अपने बेटे शिवांश और सिद्धार्थ के साथ दुकान पर बैठते थे। आज शाम वह बिना बताए दुकान से अपने सूरज नगरी गली नंबर 1 स्थित किराए के मकान पर चले गए। मकान के ऊपरी हिस्से के एक कमरे में उन्होंने अपने सिर में गोली मार कर आत्महत्या कर ली। ऐसे लगा आत्महत्या का पता आत्महत्या का पता तब चला जब मकान मालिक की सबसे ऊपरी मंजिल पर पानी की टंकी साफ करने गया एक लड़का कमरे में कुछ सामान लेने गया। उसने विजय का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। थाना नंबर 2 की प्रभारी प्रोमिला रानी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने मौके से पिस्तौल बरामद कर ली। नर सेवा नारायण सेवा समिति के सहयोग से शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। बेटे के नाम ले रखी पिस्तौल पुलिस जांच में सामने आया है कि पिस्तौल उनके बेटे शिवांश के नाम पर पंजीकृत है और आमतौर पर दुकान में ही रखी जाती थी। विजय अदलखा के पिता रहमत दास एलआईसी एजेंट थे। उनका पुराना मकान जैन नगरी में है, जबकि वर्तमान में वे सूरज नगरी गली नंबर 1 में पवन जिंदल के मकान में किराए पर रहते हैं। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
