भजन गायकी में अपनी अलग पहचान बनाने वाली मशहूर सिंगर अभिलिप्सा पंडा ने बुधवार को जयपुर में राजस्थान के सबसे विशाल मंदिर गुप्त-वृन्दावन धाम के दर्शन किए। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण बलराम का आशीर्वाद लिया और कार्तिक मास के प्रारंभ के साथ ही मंदिर में दीपदान भी किया। अभिलिप्सा पंडा ने अपने भजन ‘हर हर शम्भू’ से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। गुप्त-वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अनंत शेष दास ने अभिलिप्सा पंडा का स्वागत किया। उन्होंने सिंगर को मंदिर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। अभिलिप्सा पंडा ने अक्षय पात्र रसोई के कार्यों की भी जानकारी ली और हरे कृष्ण मूवमेंट की सामाजिक जिम्मेदारियों की सराहना की। यह गुप्त-वृन्दावन धाम 17 मंजिलों का भव्य मंदिर होगा, जिसमें विशाल कीर्तन हॉल, थिएटर और 3D स्टूडियो जैसी सुविधाएं होंगी। यह मंदिर राजस्थान के पर्यटन को भारत के मानचित्र पर एक नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।