उदयपुर की हाथीपोल थाना पुलिस ने शुक्रवार को पिस्टल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आपसी रंजिश के चलते खुद की सुरक्षा के लिए हथियार खरीदा था। इसका कोई वैध लाइसेंस उसके पास नहीं है। एएसआई लोकेश कुमार ने बताया- आरोपी गौरव सिंह चौहान (20) निवासी कालका माता रोड, पहाड़ा को गिरफ्तार किया गया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस हेडगेवार गार्डन पहुंची, जहां काले रंग के कपड़े पहने एक युवक संदिग्ध नजर आया। उसे घेरकर पकड़ा गया और जब तलाशी ली गई, तो उसकी नाभि के पास लोअर के नाडे के अंदर एक देशी पिस्टल मिली। साथ ही एक जिंदा कारतूस दाहिनी जेब में मिला। आरोपी से हथियार का लाइसेंस और इसे रखने का कारण पूछा तो उसने बताया- “आपसी रंजिश के चलते मैंने खुद की सुरक्षा के लिए हथियार खरीदा था। मुझे अपनी जान का खतरा था। इसका कोई वैध लाइसेंस उसके पास नहीं मिला। ऐसे में पुलिस ने आरोपी से पिस्टल और कारतूस जब्त किए और उसे थाने ले आई। एएसआई ने बताया कि आरोपी ने हथियार कहां से खरीदा था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। इसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
