दिल्ली में खराब मौसम और कम विजिबिलिटी का असर एयर ट्रैफिक पर भी देखने को मिला। मौसम बिगड़ने के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कई विमानों की लैंडिंग प्रभावित हुई, जिसके चलते कुछ फ्लाइट्स को होल्ड पर रखा गया, जबकि कई फ्लाइट्स को दूसरे एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इसी कड़ी में अब तक चार फ्लाइट्स जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारी गई हैं। दरअसल, कोलकाता से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6358 को दिल्ली में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने पर जयपुर डायवर्ट किया गया। वहीं अमृतसर से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-422 को भी जयपुर भेजा गया। इसके अलावा फूकेट (थाईलैंड) से दिल्ली आ रही इंडिगो की इंटरनेशनल फ्लाइट 6E-1074 और मस्कट (ओमान) से दिल्ली आ रही ओमान एयर की फ्लाइट WY-245 को भी जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल को फ्लाइट्स की आवाजाही को नियंत्रित करना पड़ रहा है। कई फ्लाइट्स को हवा में होल्ड पर रखा गया, जबकि कुछ विमानों को ईंधन और परिचालन कारणों को देखते हुए नजदीकी एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट किया गया। जयपुर एयरपोर्ट पर अचानक बढ़ी फ्लाइट मूवमेंट के चलते एयरपोर्ट प्रबंधन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल अलर्ट मोड पर हैं। डायवर्ट होकर आने वाली फ्लाइट्स के पैसेंजर्स को एयरलाइंस की ओर से आगे की यात्रा को लेकर जरूरी जानकारी दी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में खराब मौसम का दौर जारी रहने से अगले कुछ घंटों तक हवाई सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं। ऐसे में जयपुर सहित अन्य नजदीकी एयरपोर्ट्स पर भी और फ्लाइट्स डायवर्ट किए जाने की संभावना बनी हुई है।