कुचामन सिटी के मुख्य बस स्टैंड पर खड़ी लोक परिवहन की बस पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडे लेकर एसी बस के कांच फोड़ डाले। अचानक हुए इस हमले से अंदर बैठी सवारियां सहम गई और बस से निकल कर भागने लगी। इस पूरी घटना का एक वीडियो गुरुवार को सामने आया है। इसमें 4 से 5 युवक लोक परिवहन की बस के कांच पर लाठी से हमला करते नजर आ रहे हैं। वीडियो बना रहा युवक कहता है- फोड़ो-फोड़ो। अंदर सवारियां भी हैं। युवक एक खिड़की के कांच पर जैसे ही लाठी मारता है, पीछे से आवाज आती है। सवारी बैठी है वहां… वीडियो बुधवार शाम 4:40 बजे का है। वीडियो गुरुवार को सामने आया है। मामले में बस मालिक कुलदीप सिंह ने कुचामन थाने में गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दी है। सवारिया लेकर पहुंची थी बस जानकारी के अनुसार, नागौर से जयपुर रूट पर चलने वाली यह लोक परिवहन बस शाम करीब 4:40 बजे जयपुर से सवारिया लेकर कुचामन स्टैंड पर पहुंची थी। अचानक कुछ लोग वहां एकत्रित होकर आए और बस पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। बस के आगे और साइड के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए, जिससे बस मालिक को बड़ा नुकसान हुआ है। यात्रियों में फैली दहशत जिस समय यह हमला हुआ, उस समय बस के अंदर कई यात्री थे। अचानक शीशे टूटने की आवाज और हमले को देखकर यात्री घबरा गए। गनीमत रही की इस हमले में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस मामले को लेकर बस मालिक ने कुचामन थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बस स्टैंड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
