कोटा शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गुमानपुरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान 24 वर्षीय सोयल अंसारी के रूप में हुई है, जो घंटाघर बजाज खाना क्षेत्र का रहने वाला है और ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। बताया जा रहा है कि देर रात सोयल ई-रिक्शा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान वह कोटड़ी इलाके में एक सवारी को छोड़ने के लिए रुका था। तभी वहां 4 से 5 अज्ञात बदमाश पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घायल के दोस्त राजकुमार के अनुसार, सोयल ने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और उसके दोनों पैरों तथा कमर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में सोयल को 4 से 5 चाकू लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। राजकुमार का कहना है कि सोयल की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और वह हमलावरों को पहचानता भी नहीं था। घटना की सूचना मिलने पर गुमानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।