दौसा में नकली नोट छापने और सप्लाई करने वाले गिरोह के पकड़े गए 4 आरोपियों से पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी 1 लाख के नकली नोट 35 हजार रुपए में बेच देते थे। फरीदाबाद (हरियाणा) में पुलिस ने दबिश दी तो आरोपी नोट छाप चुके थे। लेकिन उनकी कटिंग नहीं की थी। वे सप्लाई करने की तैयारी में थे। दरअसल, पुलिस ने फरीदाबाद से 2 आरोपियों को पकड़ा था। एक आरोपी को दौसा से गिरफ्तार किया था। अलवर से एक नाबालिग को डिटेन किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 24 लाख 84 हजार रुपए के 500-500 के 4968 नकली नोट बरामद किए थे। फरीदाबाद से पकड़े आरोपियों ने राजस्थान में गैंग बना रखी थी। पढ़िए फेक करेंसी रैकेट पर ये रिपोर्ट… दुकानदार से मिला था इनपुट एडिशनल एसपी शंकरलाल मीणा ने बताया- 28 मई को दौसा के एक दुकानदार ने सूचना दी थी कि एक लड़का उसे नकली नोट दे गया है। जब पुलिस दुकानदार के पास पहुंची तो देखने में नोट हूबहू असली नोट की तरह लग रहा था। पुलिस को पेपर की क्वालिटी से पहचान हुई कि यह नोट नकली है। मामले में 28 मई को आयुष कुमार मीना (19) निवासी बीड़ की ढाणी, मांगाभाटा, थाना सदर दौसा और एक नाबालिग को पकड़ा था। पूछताछ में सरगना समेत दो आरोपियों के नाम सामने आए। आयुष के पास 500-500 के नोट मिले एडिशनल एसपी ने बताया- आयुष मीना के पास पुलिस को 500-500 के 80 नोट यानी 40 हजार रुपए बरामद हुए। आयुष से मिले इनपुट के आधार पर अलवर के रहने वाले एक नाबालिग को डिटेन किया गया। वह फरीदाबाद में इन नोटों की सप्लाई करता था। दोनों से मिली जानकारी के आधार पर 1 जून को संतोष सिंह वाल्मीकि (33) निवासी अलीगढ़, हाल फरीदाबाद हरियाणा और विशाल उपाध्याय (42) निवासी झारखंड, हाल नोएडा (यूपी) को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। 1 लाख के नोट 35 हजार में एडिशनल एसपी शंकरलाल मीणा ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 4-5 महीने से नकली नोट सप्लाई कर रहे थे। ये नकली नोटों को एक तिहाई दाम में बेचते थे, यानी 35 हजार रुपए में एक लाख के नकली नोट देते थे। इन नकली नोटों की एक नजर में पहचान करना मुश्किल है। ये हूबहू असली की तरह ही नकली नोट बनाते थे। सिर्फ पेपर क्वालिटी से इन नकली नोट को पहचाना जा सकता है। एडिशनल एसपी शंकरलाल मीणा ने बताया- पुलिस ने 11 प्रिंटर, दो लैपटॉप, छह पेपर रोल, केमिकल, वाटरमार्क डाई, कटर और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। पुलिस आरोपियों से नकली नोटों की दूसरे राज्यों में सप्लाई या गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है। … फेक करेंसी मामले की यह खबर भी पढ़ें… हरियाणा में नकली नोट छापकर राजस्थान में चलाते थे:24.83 लाख नकली नोट बरामद, सरगना समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग डिटेन दौसा में पुलिस ने नकली नोट छापने और सप्लाई करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी है। (पढ़ें पूरी खबर)
