पाली के बाली में पटवारी को रिश्वत लेते ट्रैप किया गया है। पटवारी की ट्रैप होने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ढोल के साथ एसीबी की कार्रवाई की स्वागत किया। मामला बाली तहसील के लाटाड़ा गांव में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे का है। सीमांकन के लिए मांगी थी घूस
पाली एसीबी प्रथम के एएसपी धर्मेंद्र डूकिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि लाटाड़ा में जमीन का सीमांकन करने के लिए पटवारी विक्रम धीर द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत का सत्यापन करवाया गया और ट्रैप की योजना बनाई गई। 8 हजार लेते ट्रैप किया
सोमवार को पाली एसीबी प्रथम की टीम ट्रैप योजना के तहत लाटाड़ा पटवारी तहसील कार्यालय पहुंची। यहां पटवारी को सीमांकन के बदले 8 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी पटवारी को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और एसीबी पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है। ग्रामीणों ने ढोल बजाकर ट्रैप कार्रवाई की सराहना की
इधर, पटवारी विक्रम के ट्रैप होने की खबर फैलते ही लाटाड़ा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने ढोल बजाकर एसीबी टीम का स्वागत किया और कार्रवाई पर खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से पटवारी के व्यवहार और कथित भ्रष्टाचार से परेशान थे। उनका आरोप है कि गांव में छोटे-बड़े राजस्व कार्यों के लिए भी लोगों से पैसों की मांग की जाती थी, जिससे आमजन में भारी नाराजगी थी। ग्रामीणों ने कहा कि आज की कार्रवाई से गांव को बड़ी राहत मिली है और लोग खुद को पटवारी के कथित आतंक से मुक्त महसूस कर रहे हैं। उन्होंने एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी और सराहनीय पहल बताते हुए टीम का आभार जताया।
