अलवर में राजगढ़-मालाखेड़ा रेल मार्ग के मध्य स्थित ढिगावडा रेलवे स्टेशन के समीप 44 साल के इंजीनियर ने पत्नी से प्रताड़ित होकर वन्दे भारत ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। मृतक की पहचान अलवर शहर के मोती नगर काली मोरी निवासी गगन अग्रवाल के रूप में हुई। मृतक इंजीनियर के दोस्त ललित मोहन गुप्ता ने बताया कि मृतक गगन अग्रवाल के बड़े भाई ने बताया था कि गगन ने राजगढ़-मालाखेड़ा रेल मार्ग के मध्य स्थित ढिगावडा स्टेशन के समीप वन्दे भारत ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली है। सुसाइड का प्रारम्भिक कारण पत्नी सहित उसके मायके वालों से प्रताड़ित करना बताया गया है। मृतक के भाई निर्मल कुमार अग्रवाल ने मामला दर्ज करवाया है कि उसका छोटा भाई गगन अग्रवाल की ढिगावडा स्टेशन के समीप ट्रेन से कटने से मौत हो गई। उसके छोटा भाई को उसकी पत्नी, सास व ससुर शादी के बाद से ही प्रताड़ित करते आ रहे थे। कई बार समझाइश के प्रयास भी किए गए। लेकिन सुधार नहीं हुआ। आखिर में तनाव में आकर गगन ने सुसाइड कर लिया। इंजीनियर गगन आईबीएम कंपनी में बतौर इंजीनियर काम करता था। मृतक का ससुराल यूपी के झांसी में है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।