हनुमानगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विदेश से फिरौती का नेटवर्क चलाने वाले महेंद्र डेलाना के पिता चंदनमल उर्फ चानण (60) को गिरफ्तार किया है। उस पर गैंग की आर्थिक गतिविधियों में शामिल होने और फरार अपराधियों को शरण देने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि महेंद्र डेलाना फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भाग गया था। वहीं से व्यापारियों और अन्य लोगों को धमकाकर रंगदारी वसूलने का नेटवर्क चला रहा है। जांच में सामने आया कि गैंग द्वारा वसूली गई रकम को संभालने और उसे ठिकाने लगाने का काम उसके पिता चंदनमल करता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी चंदनमल ने स्वीकार किया कि करीब आठ-नौ महीने पहले महेंद्र के कहने पर उसने बीकानेर रोड स्थित केपीएस स्कूल के पास छिपाकर रखे गए ढाई लाख रुपए उठाकर दूसरी जगह पहुंचाए थे। पुलिस का मानना है कि यह राशि फिरौती से संबंधित थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि चंदनमल गैंग के गुर्गों को सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराता था। किसी वारदात के बाद फरार होने वाले बदमाशों को वह अपने खेत में बनी ढाणी में पनाह देता था, ताकि वे पुलिस की नजरों से बच सकें। हाल ही में गिरफ्तार किए गए गैंग सदस्य राजकुमार उर्फ राजू डेंटर और योगेश उर्फ जोगेंद्र को भी उसने अपने यहां शरण दी थी। गौरतलब है कि 29 अक्टूबर 2025 को एजीटीएफ की सूचना पर गोगामेड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के शूटरों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया था। इस पूरे मामले में अब तक कुल 16 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने 5 पिस्तौल, 70 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर व एर्टिगा कार भी जब्त की है। पुलिस अब गैंग के वित्तीय नेटवर्क और बैंक खातों की गहन जांच कर रही है।