हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र के संरक्षित वन क्षेत्र कोहला फार्म में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में लपटें सड़क किनारे तक पहुंच गईं। मेगा हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए हनुमानगढ़ सहित पीलीबंगा, रावतसर और अन्य क्षेत्रों से सात से आठ दमकल वाहन लगाए गए हैं। धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं के काले गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे। तेज गर्मी और सूखी घास के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। मेगा हाईवे पर मचा डर का माहौल आग फैलते-फैलते सड़क किनारे तक पहुंच गई, जिससे मेगा हाईवे पर गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वाहन चालक भय के बीच रास्ता पार करते नजर आए। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी। ग्रामीणों ने भी संभाला मोर्चा आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के चलते आग का दायरा लगातार बढ़ता रहा। कई क्षेत्रों से बुलानी पड़ी दमकलें स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहनों की मांग की। इसके बाद पीलीबंगा, रावतसर सहित अन्य क्षेत्रों से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल सात से आठ दमकल वाहन आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। संरक्षित वन क्षेत्र में लगी आग गौरतलब है कि कोहला फार्म एक संरक्षित वन क्षेत्र है। गर्मी के मौसम में यहां सूखी घास के कारण आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन शुक्रवार को लगी आग को अब तक की सबसे भीषण घटनाओं में माना जा रहा है। कारणों की जांच जारी प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने की है। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं।
