निकाय चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार कल यानी 29 मई को खत्म होने जा रहा है। प्रशासन द्वारा वोटों की गिनती को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना को सुचारू रूप से चलाने के लिए दो अलग-अलग कॉलेजों में काउंटिंग हॉल बनाए गए हैं। पठानकोट नगर निगम के लिए एबी कॉलेज में कुल 2 काउंटिंग हॉल तैयार किए गए हैं। इसके अलावा सुजानपुर नगर कौंसिल की मतगणना एसएमडीआरएसडी कॉलेज के हॉल में की जाएगी। रिटर्निंग ऑफिसर व एक्सईएन गुरप्रीत सिंह ने बताया कि काउंटिंग सेंटर्स पर टेबल लगाने और अन्य जरूरी तैयारियां आज ही पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही चुनावी ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को ट्रेनिंग भी दी गई है। 50 वार्डों में कुल 199 कैंडिडेट मैदान में
बता दें, शहर के कुल 50 वार्डों में 199 उम्मीदवार मैदान में डटे हैं। इनमें कांग्रेस और भाजपा ने सभी 50 वार्डों में उम्मीदवार खड़े किए हैं। आम आदमी पार्टी ने 49 वार्डों में अपने कैंडिडेट उतारे हैं, शिरोमणि अकाली दल कुल 29 वार्डों में चुनाव लड़ रही है, बहुजन समाज पार्टी और आजाद उम्मीदवारों को मिलाकर कुल 20 कैंडिडेट अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। वहीं, सुजानपुर नगर काउंसिल के कुल 15 वार्डों में कुल 59 कैंडिडेट चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं। कुल मिलाकर 258 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए थ्री-लेयर सिक्योरिटी (तीहरे स्तर की सुरक्षा) का चक्रव्यूह तैयार किया गया है। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पंजाब पुलिस के जवान 24 घंटे शिफ्टिंग में मुस्तैद रहेंगे। इसके अलावा, स्ट्रॉन्ग रूम के आस-पास किसी भी बाहरी व्यक्ति को जाने की सख्त मनाही है। केवल संबंधित वार्डों के रिटर्निंग ऑफिसर (RO) को ही वहां जाने की इजाजत होगी, लेकिन उन्हें भी पूरी चेकिंग से गुजरना होगा। अधिकारी भी केवल सीलबंद स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर तक ही जा सकेंगे। बिना पास नो एंट्री
एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि पठानकोट के एबी कॉलेज और एसडी कॉलेज में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इन दोनों ही मुख्य केंद्रों के बाहर पुलिस द्वारा 100 मीटर के दायरे में मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जिन्हें ऑथराइजेशन कार्ड (प्रवेश पत्र) जारी किया गया है, केवल उन्हें ही मुख्य गेट से अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। चाहे वह काउंटिंग एजेंट हो, उम्मीदवार हो या किसी पार्टी का प्रतिनिधि, बिना ऑथराइजेशन कार्ड के किसी को भी बैरिकेड के अंदर पैर नहीं रखने दिया जाएगा। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से दोनों मुख्य कॉलेजों के बाहर त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात
मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के बेहद पुख्ता और कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी ढिल्लों के अनुसार, मतगणना केंद्रों की सुरक्षा के लिए एक एसपी, चार डीएसपी और करीब 6 एसएचओ/इंस्पेक्टरों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही 500 से अधिक पुलिस जवानों की नफरी दोनों काउंटिंग सेंटरों पर मुस्तैद रहेगी। इतना ही नहीं, कल सुबह से ही पूरे शहर में वार्ड-वाइज़ पुलिस स्क्वॉड गश्त करेंगे और जगह-जगह नाकेबंदी कर हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। काउंटिंग सेंटर के भीतर मोबाइल फोन पर पूर्ण पाबंदी
चुनाव आयोग के कड़े निर्देशों का हवाला देते हुए एसएसपी ने कहा कि काउंटिंग सेंटर के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। रिटर्निंग ऑफिसर (RO) और असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर के अलावा कोई भी व्यक्ति चाहे वह कितना भी बड़ा राजनीतिक दल का नेता हो या काउंटिंग एजेंट, अंदर मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेगा। इस नियम को लेकर काउंटिंग सेंटरों के बाहर बकायदा नोटिस भी चस्पा कर दिए गए हैं। पठानकोट में रहेगा “ड्राई डे”
राज्य चुनाव आयुक्त पंजाब द्वारा जारी आदेशों के अनुसार पंजाब के जिन नगर निगमों, नगर कौंसिलों (नगर परिषदों) और नगर पंचायतों में मतगणना होनी है, वहां “ड्राई डे” रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि मतगणना निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के मद्देनजर ये निर्णय लिया गया है। अमन-शांति बनाए रखें राजनीतिक दल
जिला चुनाव अधिकारी-कम-डीसी डॉ पल्लवी ने कहा कि 29 मई को वोटों की गिनती होगी। इसके लिए एसएसपी पठानकोट की अगुवाई में सुरक्षा के बेहद कड़े प्रबंध किए गए हैं। डीईओ ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से अपील की है कि जिस तरह उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग दिया, उसी तरह 29 मई को नतीजों के बाद भी अमन-शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की हुल्लड़बाजी से परहेज करें। 8 नगर निगमों में पठानकोट में सबसे अधिक वोटिंग
चुनाव आयोग द्वारा जारी अंतिम आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के 8 प्रमुख नगर निगमों में कुल 59.91% मतदान दर्ज किया गया है। नगर निगमों में सबसे ज्यादा उत्साह पठानकोट में दिखा, जबकि मोहाली के लोग वोटिंग में सबसे पीछे रहे। आंकड़ों के मुताबिक पठानकोट नगर निगम में सबसे अधिक 67.62% मतदान हुआ। इसके अलावा, बरनाला नगर निगम में 63.51%, कपूरथला नगर निगम में 61.31%, फाजिल्का नगर निगम में 60.05%, गुरदासपुर नगर निगम में 58.60%, बठिंडा नगर निगम में 58.45%, मोगा नगर निगम में 58.34%, एसएएस नगर (मोहाली) नगर निगम में सबसे कम 54.83 फीसदी मतदान हुआ।