श्रीगंगानगर। जवाहरनगर थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला ने ही अपने बेटों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने महिला सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद और आपसी मनमुटाव के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
