होशियारपुर के टांडा के तहत आते गांव जलालपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक निजी कॉलेज की बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक महिला सरपंच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठी उनकी भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। 24 साल की उम्र में चुनी गई थीं सरपंच बस्ती बोहड़ां निवासी 24 वर्षीय निकिता अपने गांव की सरपंच थीं। उनके पति सुखविंदर सिंह ने बताया कि निकिता सिलाई का काम भी करती थीं। हादसे में उनकी भतीजी की पहचान सोनाक्षी पुत्री बलविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। काम पर जाते समय कॉलेज बस ने मारी टक्कर मिली जानकारी के अनुसार, निकिता अपनी भतीजी सोनाक्षी के साथ मोटरसाइकिल पर किसी निजी काम से जा रही थीं। जब वे गांव जलालपुर के पास पहुंचीं, तो एक निजी कॉलेज की तेज रफ्तार बस ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर दूर जा गिरीं। पुलिस ने बस की जब्त, चालक पर केस दर्ज हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही बस्ती बोहड़ां पुलिस चौकी के इंचार्ज राजविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक गंभीर चोटों के कारण निकिता दम तोड़ चुकी थीं। पुलिस ने घायल सोनाक्षी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चौकी इंचार्ज राजविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने निकिता के पति सुखविंदर के बयानों के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया है। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है।
