रीवा में जैन साध्वियों को कार से कुचलने के बाद मौत होने की घटना को लेकर उदयपुर में आज जैन समाज ने प्रदर्शन किया। यहां पर सकल दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारियों और समाजजनों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने इस घटना की जांच कराने की मांग की। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि आचार्य विद्यासागर महाराज की शिष्या आर्यिका श्रुतमती माताजी और आर्यिका उपशममति माताजी की दर्दनाक मौत हुई और दिनोंदिन इस तरह की घटनाएं हो रही है। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जैन मुनि और साध्वियां अहिंसा और शांति का संदेश देते हुए पैदल विहार करते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। ज्ञापन में मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सहित देशभर में पैदल विहार करने वाले जैन संतों और साध्वियों को विशेष सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों। दिगम्बर जैन समाज के पूर्व डिप्टी मेयर पारस सिंघवी ने कहा कि रीवा की घटना ने पूरे जैन समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार कार चालक साध्वियों को कुचलकर फरार हो गया, जो बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़ को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए समाज ने मांग की कि देशभर में जहां भी जैन साधु-साध्वियां विहार करें, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
