ग्राम पंचायत करमावास में “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल, पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी सहित कई जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय अमृत सरोवर की पूजा-अर्चना के साथ हुई। जसवंतसिंह विश्नोई, हमीरसिंह भायल, डॉ. अरुण चौधरी और भरत मोदी ने अमृत सरोवर की पूजा कर अभियान का शुभारंभ किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान और उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। अभियान के तहत जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने प्रभात फेरी निकालकर गांव में जल बचाओ और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पौधारोपण, जल संरक्षण विषयक प्रदर्शनी और जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।
