झालावाड़ की सुनेल थाना पुलिस ने एक फरार हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक प्लॉट पर अवैध कब्जा करने और उसे खाली करने के बदले 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सुनेल थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रामलाल उर्फ बल्लू (40) पुत्र रोबूलाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है। रामलाल सलोतिया रोड सुनेल का निवासी है और वर्तमान में भट्ट साहब की कॉलोनी, भवानीमंडी में रहता है। वह भवानीमंडी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार, फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मां के स्वामित्व वाला एक प्लॉट सुनेल में स्थित है। आरोपी बल्लू गुर्जर ने इस प्लॉट पर जबरन कब्जा कर लिया था। उसने प्लॉट पर पंचर डाल दिए और उन्हें हटाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि आरोपी प्लॉट खाली करने के बदले अवैध रूप से 10 लाख रुपए की मांग कर रहा था और धमकियां भी दे रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी सीआई विष्णुसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लगातार तलाश और दबिश के बाद आरोपी हिस्ट्रीशीटर रामलाल उर्फ बल्लू को पकड़ लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सुनेल पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
