जयपुर में अब सरस दूध महंगा मिलेगा। जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (जयपुर डेयरी) ने बुधवार को सरस दूध के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। डेयरी ने प्रति लीटर 2 रुपए रेट बढ़ाई है। नई दरें 21 मई की शाम से लागू होंगी। जयपुर डेयरी ने दूध के साथ इससे बनने वाले प्रोडक्ट (छाछ, दही और लस्सी) की कीमतों में भी इजाफा किया है। बढ़ी हुई कीमतें 21 मई की शाम से मिलने वाली सप्लाई से लागू होगी। जयपुर डेयरी वर्तमान में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के शुद्ध लाभ में है, ऐसे में आमजन को राहत देने के बजाय डेयरी प्रशासन अपना मुनाफा बढ़ा रहा है। 200 ग्राम पनीर पर 6 रुपए और 1 किलो पर 23 रुपए बढ़ाए
सरस डेयरी ने पनीर समेत दही, छाछ और लस्सी के रेट भी बढ़ाए हैं। 200 ग्राम पनीर के अब 6 रुपए ज्यादा देने होंगे। ये पहले 74 रुपए में मिलता था, जो अब 80 रुपए का होगा। वहीं 1 किलो पनीर के पैकेट की रेट 23 रुपए बढ़ाई गई है। पहले इसकी रेट 362 रुपए थी, जो अब 385 रुपए का मिलेगा। इसके अलावा 200 ग्राम दही के 16 की बजाय 18 रुपए देने होंगे। जबकि 400 ग्राम दही का पैक 4 रुपए महंगा हुआ है। इसके 32 रुपए की बजाय 36 रुपए देने होंगे। डेयरी ने सादा छाछ पैक पर 1 रुपए, लस्सी पर 2 रुपए और नमकीन छाछ पर भी 2 रुपए बढ़ाए हैं। पिछले साल अगस्त में बढ़ाए थे दाम
इससे पहले जयपुर डेयरी ने अगस्त 2025 में और अगस्त 2024 में भी दूध के दामों में 2-2 रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया था। साल 2017 से अब तक 12 बार दूध के दाम बढ़ाए जा चुके हैं। इन बढ़ी हुई कीमतों का असर जयपुर और दौसा जिले के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। क्योंकि जयपुर डेयरी से दूध की सप्लाई इन दो ही जिलों में की जाती है। जयपुर डेयरी वर्तमान में इन दोनों जिलों में हर रोज 11.60 लाख लीटर से ज्यादा दूध की सप्लाई करती है। दूध का खरीद मूल्य बढ़ाया जयपुर डेयरी ने दूध के विक्रय मूल्य के साथ ही खरीद मूल्य में बढ़ोतरी की है। इसका फायदा दुग्ध उत्पादों को होगा। डेयरी ने 25 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद अब दुग्ध उत्पादकों को 850 रुपए प्रति किलोग्राम फैट के स्थान पर 875 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर से भुगतान किया जाएगा। 13 मई को अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाई थी कीमतें
इससे पहले 13 मई को अमूल डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। इसके आधे घंटे बाद मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतें 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दी थी।