खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव अम्बरीष कुमार ने कहा कि प्रदेश में फिलहाल पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की कोई किल्लत नहीं है। सभी सरकारी पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। अम्बरीष कुमार ने स्पष्ट किया कि राजस्थान में सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और आम जनता को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि, कुछ स्थानों पर निजी कंपनियों के पेट्रोल पंप, विशेष रूप से नायरा (Nayara) जैसे आउटलेट्स पर सरकारी कंपनियों की तुलना में ईंधन के दाम अधिक देखने को मिले हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बुधवार को पेट्रोल-डीजल और एलपीजी डीलर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जहाँ प्रदेशभर की मौजूदा स्थिति को लेकर विस्तृत रिपोर्ट पेश की गई। बिक्री में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज
अम्बरीष कुमार ने बताया कि इस साल मई महीने में पिछले साला की तुलना में राजस्थान में पेट्रोल की बिक्री में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में फिलहाल करीब 6400 सरकारी और 1100 निजी कंपनियों के पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं, जहां नियमित सप्लाई की जा रही है। प्रदेश में 1400 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर सक्रिय खाद्य सचिव ने LPG सप्लाई को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा- प्रदेश में करीब 1400 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर सक्रिय हैं और सभी जगह गैस सिलेंडर नियमित रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के भीतर गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा ऑटो LPG की भी पर्याप्त सप्लाई की जा रही है और सभी पंपों पर इसकी उपलब्धता बनी हुई है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी बता दें कि बीते कुछ दिनों से जयपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। वहीं कई पेट्रोल पंपों पर सप्लाई प्रभावित होने के कारण ड्राई जैसी स्थिति भी देखने को मिली थी। कुछ जगहों पर उपभोक्ताओं को डीजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा था, जबकि कई पंपों पर केवल प्रीमियम पेट्रोल ही बेचा जा रहा था। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पेट्रोल डीलर्स और तेल कंपनियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव ने पेट्रोलियम कंपनियों को निर्धारित समय पर पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अब प्रदेशभर के लोगों की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि आने वाले दिनों में सप्लाई व्यवस्था कितनी तेजी से सामान्य होती है और जनता को पहले की तरह आसानी से पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर उपलब्ध हो पाते हैं या नहीं। — पेट्रोल, डीजल से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
5 दिन में दूसरी बार पेट्रोल-डीजल महंगा:राजस्थान में भाव 110 के पार पहुंचा, जयपुर में पेट्रोल 108.91 और डीजल 94.14 रुपए प्रति लीटर पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की रेट में फिर बढ़ोतरी कर दी है। मंगलवार से ही नई रेट लागू हो गई है। पेट्रोल की कीमत करीब 94 पैसे और डीजल की कीमत करीब 91 पैसे प्रति लीटर के हिसाब से बढ़ी है। पढ़ें पूरी खबर