डीग जिले के कामां इलाके में LPG सिलेंडर ब्लास्ट से लगी आग में एक परिवार के 7 लोग झुलस गए। इनमें से एक बच्ची की मौत हो गई। झुलसे हुए सभी लोगों को भरतपुर के RBM हॉस्पिटल लेकर गए। भरतपुर सीओ नरेंद्र कुमार ने बताया- एक बच्ची की भरतपुर अस्पताल में मौत हो गई। बाकी 6 लोगों को जयपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, मनमोहन की डीग रोड पर कार वर्कशॉप है। वर्कशॉप के ऊपर बने मकान में मनमोहन और उसके चचेरे भाई भगवान सिंह का परिवार रहता है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे मनमोहन एक कार रिपेयर कर रहा था। दूसरी तरफ वर्कशॉप पर काम करने वाला मजदूर रिपेयरिंग का काम कर रहा था। रिपेयरिंग के काम में गैस सिलेंडर ले रखा था। अचानक से गैस सिलेंडर लीक हुआ और फट गया। इसके बाद पास में रखा दूसरा सिलेंडर भी फट गया। इससे वर्कशॉप और ऊपर मकान में आग लग गई। देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… बेटी की मौत, पूरा परिवार झुलसा हादसे में वर्कशॉप संचालक मनमोहन पुत्र दाताराम और उनकी पत्नी सरिता (25) झुलसे हैं। इसके साथ ही मनमोहन के चचेरे भाई भगवान सिंह (37) पुत्र लक्ष्मीचंद उनकी पत्नी नीरज, बेटा लक्ष्य (8) और बेटी साक्षी (15) भी झुलसे। इन सभी को जयपुर रेफर किया गया है। वहीं RBM में इलाज के दौरान भगवान सिंह की छोटी बेटी अक्षरा (11) की मौत हो गई। मनमोहन और भगवान सिंह के अलावा परिवार के लोग ऊपर घर में थे।