जोधपुर में भी 4 दिन में दूसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए। मंगलवार सुबह 6 बजे से पेट्रोल-डीजल की नई दरें लागू हो गईं। जोधपुर में पेट्रोल पर 94 पैसे और डीजल पर 91 पैसे बढ़ाए गए हैं। इसके बाद जोधपुर में पेट्रोल 108.73 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं, डीजल 93.98 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं, प्रिमियम पेट्रोल एक्सपी95 अब 118.04 रुपए प्रति लीटर हो गया है। मंगलवार को पंप पर आए ग्राहकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। एक तरफ जहां आम जनता महंगाई से परेशान है, वहीं पंप संचालकों का कहना है कि शहर में लगभग सभी पेट्रोल पंप पर पर्याप्त पेट्रोल-डीजल है, आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। जेब खाली, लेकिन समर्थन बरकरार पेट्रोल-डीजल के दूसरी बार भाव बढ़ने पर जोधपुर में पीएफ ऑफिस के सामने स्थित पालीवाल पेट्रोल पंप पर आए कुछ लोगों का कहना है कि महंगाई से घर का बजट जरूर प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि जेब भले ही खाली हो जाए, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को उनका समर्थन जारी रहेगा। वहीं, बुकिंग पर चलने वाली टैक्सियों और कूरियर वालों की परेशानी बढ़ गई है, क्योंकि उन्हें बुकिंग करने वाले पहले जितने ही पैसे देते हैं, जबकि तेल का खर्च बढ़ गया है। चार दिन में दूसरी बार बढ़े दाम जोधपुर में 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब 3.25 रुपए प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद अब 19 मई को दूसरी बार भाव बढ़ गए हैं। पिछले चार दिनों के भीतर पेट्रोल-डीजल में कुल मिलाकर करीब 4 रुपए से ज्यादा का उछाल आ चुका है। अपनों ने ही कसा तंज, रोजाना का खर्च बढ़ा लगातार बढ़ रहे दामों पर कुछ भाजपा समर्थकों में शामिल विकास कहते हैं कि- लगातार बढ़ती कीमतों से ऐसा लग रहा है कि भाजपा भी अब कांग्रेस की राह पर चल पड़ी है। शहर में सप्लाई का काम करने वाले वाहन चालकों का कहना है कि कुछ ही दिन में भाव बढ़ गए हैं। आमजन परेशान हो गया है। रोजाना के खर्च का बोझ एकदम से सिर पर आ गया है। ग्रामीण इलाकों में डीजल के लिए मारामारी, किसान चिंतित जोधपुर के ग्रामीण इलाकों में डीजल सप्लाई से आशंकित किसानों में स्टॉक करने को लेकर मारामारी देखने को मिल रही है। चामू कस्बे में पेट्रोल पंप पर ट्रैक्टरों व अन्य गाड़ियों की कतारें देखने को मिल रही है। इनमें कई किसान डीजल का स्टॉक करने के इरादे से 200 लीटर के ड्रम लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन पंप पर उन्हें केवल गाड़ी में भरने की ही बात कही जा रही है।