डूंगरपुर जिले की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी के दौरान एक कंटेनर से करीब 35 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया है। बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए क्षेत्र से अवैध शराब की एक बड़ी खेप गुजरने की सटीक सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस टीम ने रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी को कड़ा कर दिया। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर आता हुआ दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रुकवाया। जब पुलिस टीम ने कंटेनर की तलाशी ली, तो ऊपर से देखने पर उसमें हेलमेट भरे हुए दिखाई दिए, ताकि किसी को शक न हो, लेकिन जब पुलिस ने हेलमेट के डिब्बों को हटाकर गहराई से जांच की, तो उनके नीचे भारी मात्रा में अवैध शराब के कार्टन छुपे हुए मिले। पुलिस ने तुरंत शराब और कंटेनर को जब्त कर लिया। बाजार में इस जब्त शराब की कीमत लगभग 35 लाख रुपए आंकी जा रही है। पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर भंवरा राम जाट निवासी बाड़मेर को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी ड्राइवर से पूछताछ कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और गुजरात में किसे सप्लाई की जानी थी, इस बारे में पूछताछ की जा रही है। एसपी मनीष कुमार ने इस पूरी कार्रवाई को शराब तस्करों के खिलाफ बिछीवाड़ा पुलिस की एक बड़ी सफलता बताया है।
