समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में विप्र फाउंडेशन ने सोमवार को श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट में विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाटी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें तुरंत पार्टी से बाहर करने की मांग की। विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष डॉ. मदन लाल जोशी और युवा जिलाध्यक्ष सचिन गौड़ के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने आरोपी राजकुमार भाटी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने और समाजवादी पार्टी से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है। डॉ. मदन लाल जोशी ने कहा- इस प्रकार की टिप्पणियां सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के लिए बेहद घातक हैं। ब्राह्मण समाज सदैव राष्ट्रहित, शिक्षा, संस्कृति और ज्ञान के प्रसार के लिए समर्पित रहा है। किसी भी समाज का अपमान हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। युवा जिलाध्यक्ष सचिन गौड़ ने कहा- ब्राह्मण समाज का योगदान देश की प्रगति में अग्रणी रहा है और ऐसे बयानों से समाज में दरार पैदा करने की कोशिश की जा रही है, जिसे बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन में विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारी और ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे।
