राजस्थान पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए गए दो दिवसीय सघन नाकाबंदी अभियान ने अपराधियों, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा दिया। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत राज्यभर में 810 नाकाबंदी पॉइंट्स स्थापित किए गए, जहां 47 हजार से अधिक वाहनों की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान विभिन्न धाराओं में 274 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) वी के सिंह ने बताया कि अभियान का पहला चरण शनिवार 16 मई को शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक भरतपुर, उदयपुर और कोटा रेंज में संचालित किया गया। वहीं दूसरे चरण में रविवार 17 मई को सुबह 3 बजे से 6 बजे तक बीकानेर, जोधपुर और जयपुर रेंज के प्रमुख मार्गों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने इस दौरान दोपहिया और चौपहिया वाहनों की व्यापक जांच करते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। प्रदेशभर में कुल 24,573 दोपहिया और 22,531 चौपहिया वाहनों की जांच की गई। 11 हजार से अधिक एमवी एक्ट की कार्रवाई नाकाबंदी अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल फोन पर बात करते हुए ड्राइविंग करने, फर्जी या बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 11,504 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इन कार्रवाइयों में: उदयपुर और अजमेर रेंज रही सबसे आगे एमवी एक्ट कार्रवाई में उदयपुर रेंज सबसे सक्रिय रही, जहां 2,647 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके बाद अजमेर रेंज में 2,576 कार्रवाई दर्ज हुई। इसके अलावा जयपुर रेंज में 1,795, कोटा रेंज में 1,768, भरतपुर रेंज में 1,735, जोधपुर रेंज में 968 तथा बीकानेर रेंज में 15 कार्रवाई कर नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसा गया। 274 आरोपी गिरफ्तार, कई मामलों में मुकदमे दर्ज अभियान के दूसरे चरण में पुलिस ने अपराधियों, तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए कुल 274 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 12 प्रकरण आर्म्स एक्ट, 41 प्रकरण आबकारी अधिनियम, 10 प्रकरण एनडीपीएस एक्ट और 62 मामले अन्य विशेष एवं स्थानीय कानूनों के तहत दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त 73 अपराधियों को विभिन्न एफआईआर और प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया, जबकि बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए 170 मामलों में 201 व्यक्तियों को पकड़ा गया। अवैध हथियार, शराब और वाहन भी जब्त अभियान के दौरान कई स्थानों पर अवैध हथियार, शराब और संदिग्ध वाहनों की भी बरामदगी की गई। कोटा रेंज में पुलिस ने 5 धारदार हथियार, 120 पव्वे देशी शराब और 2 लीटर कच्ची शराब जब्त की। इसके साथ ही 27 वाहनों को जब्त कर कार्रवाई की गई। वहीं भरतपुर रेंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 लीटर अवैध शराब बरामद की तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत 61 संदिग्ध वाहनों को सीज किया। एडीजी वी के सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे।
