अहमदाबाद-हिम्मतनगर रेलवे ट्रैक पर असारवा और साबरमती ए केबिन स्टेशनों के बीच कल (19 मई ) कनेक्टिविटी का जरूरी काम किया जाएगा। इस तकनीकी काम के चलते रेलवे ने ब्लॉक लिया है, जिससे अहमदाबाद से उदयपुर और चित्तौड़गढ़ रूट की तरफ आने-जाने वाली 2 प्रमुख ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इनमें से एक ट्रेन का स्टेशन बदला गया है, जबकि दूसरी ट्रेन 2 घंटे की देरी से चलेगी। गाड़ी संख्या 69243, असारवा-चित्तौड़गढ़ पैसेंजर ट्रेन 19 मई को अहमदाबाद के असरवा स्टेशन से रवाना नहीं होगी। रेलवे ने इसे असरवा से नरोडा स्टेशन के बीच आंशिक रूप से रद्द कर दिया है। अब यह ट्रेन अहमदाबाद के नरोडा स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी। ऐसे में जो यात्री अहमदाबाद से डूंगरपुर, उदयपुर या चित्तौड़गढ़ आने के लिए असरवा स्टेशन पहुंचेंगे, उन्हें वहां ट्रेन नहीं मिलेगी। उन्हें खुद के साधन से नरोडा स्टेशन जाना होगा। हालांकि, नरोडा से रवाना होने के बाद यह ट्रेन उदयपुर और चित्तौड़गढ़ अपने तय समय पर ही पहुंचेगी। दूसरी गाड़ी संख्या 01906, असारवा-कानपुर सेंट्रल स्पेशल ट्रेन कल अहमदाबाद से अपने निर्धारित समय से पूरे 2 घंटे की देरी से रवाना होगी। यह ट्रेन भी अहमदाबाद से चलकर डूंगरपुर, उदयपुर और कोटा होते हुए कानपुर जाती है। अहमदाबाद से लेट चलने के कारण यह ट्रेन उदयपुर सिटी स्टेशन पर भी देरी से पहुंचेगी। इस ट्रेन का उदयपुर पहुंचने का सही समय दोपहर 03:20 बजे है, लेकिन कल यह शाम को करीब 05:20 बजे तक उदयपुर पहुंच पाएगी। ऐसे में उदयपुर से कानपुर रूट की तरफ जाने वाले यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना होगा।