पुलिस मुख्यालय जयपुर और उदयपुर रेंज के निर्देश पर राजसमंद जिले में ए श्रेणी नाकाबंदी अभियान चलाया गया। शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चले इस विशेष अभियान में एसपी हेमन्त कलाल के निर्देशन में जिलेभर में 18 नाकाबंदी पॉइंट बनाए गए, जहां वाहनों की सघन जांच की गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने 335 दोपहिया और 478 चारपहिया वाहनों की जांच की। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 17 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि बिना हेलमेट 32, बिना सीट बेल्ट 36, गलत नंबर प्लेट वाले 33 और काली फिल्म लगे 9 वाहनों के चालान बनाए गए। इसके अलावा एमवी एक्ट में 87 अन्य कार्रवाई भी की गई। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक्साइज एक्ट में 4 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं केलवाड़ा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 471 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। जिले के अलग अलग थानों में लोकल एवं स्पेशल एक्ट के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने विभिन्न मामलों में 13 लोगों को गिरफ्तार किया और धारा 170 बीएनएस में 7 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही 185 एमवी एक्ट में 17 वाहनों को सीज किया गया।

You missed