झालावाड़ जिले के बकानी थाना क्षेत्र के रीछवा कस्बे में अवैध शराब बिक्री और दुकान के बाहर लोगों को बैठाकर शराब पिलाने के मामले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से सेल्समैन को गिरफ्तार करते हुए अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। आबकारी विभाग ने शराब ठेके को सील कर दिया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब बिक्री और शराब ठेकों पर नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 16 मई को बकानी थाना पुलिस ने रीछवा शराब ठेके पर दबिश दी, जहां 15 से 20 लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सेल्समैन योगेंद्र सिंह निवासी सारोला को मौके से गिरफ्तार किया। रामनगर रीछवा क्षेत्र में एक टपरी से अवैध रूप से बेची जा रही अंग्रेजी शराब के 18 पव्वे, 6 बीयर बोतल और 9 बीयर कैन जब्त किए गए। इस मामले में आरोपी शोभाराम मीणा निवासी बोरखेड़ी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आबकारी विभाग ने संबंधित शराब ठेके को सील कर दिया। इस कार्रवाई में बकानी थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद सहित पुलिस टीम मौजूद रही। रीछवा में शराब ठेके के बाहर लोगों को बैठाकर शराब पिलाने का मामला जिला कलेक्टर झालावाड़ के दौरे के दौरान संज्ञान में आया था। इसके बाद विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक की ओर से संबंधित बीट प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही, थानाधिकारी बकानी और बीट प्रभारी दोनों को विभागीय कार्रवाई के तहत चार्जशीट जारी की गई है। झालावाड़ एसडीएम अभिषेक चारण ने बताया कि राजस्व विभाग की ओर से सिवायचक जमीन को लेकर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अवैध रूप से बिजली का कनेक्शन होने के मामले में विद्युत निगम भी संबंधित अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करेगा।