बालोतरा जिले की पचपदरा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन विषदमन’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी मादक पदार्थ सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 10 महीनों से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पचपदरा थानाधिकारी गीता कुमारी ने बताया कि पूर्व में तत्कालीन थानाधिकारी और पुलिस टीम ने आरोपी सफीखांन और दावदखा को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 29 हजार रुपये की नकली भारतीय मुद्रा, लगभग 11.12 ग्राम अफीम का दूध और 5.12 ग्राम से अधिक अवैध एमडीएमए बरामद किया गया था। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। ई-मित्र की आड़ में एमडीएमए तस्करी करता जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ओमाराम गांव बंबोर में “महादेव ई-मित्र” नाम से एक ई-मित्र केंद्र संचालित करता था। वह इस केंद्र की आड़ में अवैध एमडीएमए तस्करी का कारोबार भी चला रहा था। आरोपी काफी शातिर तरीके से काम करता था और नशा खरीदने आने वाले लोगों को अपनी असली पहचान छुपाने के लिए अलग-अलग नाम बताता था। उसने आरोपी दावदखा को भी अपना नाम “राकेश” बताया हुआ था। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से गहन जांच की, जिससे पता चला कि आरोपी का वास्तविक नाम राकेश नहीं, बल्कि ओमाराम है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 15 मई को मिली थी गोपनीय सूचना 15 मई को पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि आरोपी ओमाराम बालोतरा आने वाला है। इस सूचना पर थानाधिकारी गीता कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी राकेश उर्फ ओमाराम (29) पुत्र चुनाराम जाट, निवासी जसनाथनगर बंबोर दर्जियान, थाना राजीव गांधी नगर, जोधपुर को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अवैध एमडीएमए तस्करी नेटवर्क और इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ और अग्रिम अनुसंधान कर रही है।