बूंदी के नैनवां थाना क्षेत्र के खानपुरा गांव में शुक्रवार को एक किसान की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सवाईमाधोपुर जिले के गणेशनगर निवासी कालूराम (37) पुत्र रामसहाय के रूप में हुई है। कालूराम कीरो का झोपड़ा में आदोली पर जमीन लेकर खेती करता था। जानकारी के अनुसार, कालूराम शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सिंचाई के लिए तालाब में पाइप डालने गया था। इसी दौरान पाइप में पैर उलझने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में गिरकर डूब गया।
घटना की सूचना मिलने पर नैनवां तहसीलदार रामराय मीना, थानाधिकारी सहदेवसिंह मीना, एएसआई प्रहलाद राम, हल्का पटवारी धर्मराज मीना और पटवार संघ जिलाध्यक्ष घनश्याम कहार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को नैनवां उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक के साढ़ू दुर्गालाल निवासी कीरो का झोपड़ा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कंटेंट: अश्विनी शर्मा, नैनवां
