उदयपुर शहर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन चढ़ने के साथ गर्मी इतनी तेज हो गई कि लोगों ने जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलना उचित समझा। शहर में आज कई जगह गृह प्रवेश और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित हुए, लेकिन तेज गर्मी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कें और बाजार काफी हद तक सूने नजर आए। नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और स्टूडेंट्स भी गर्म हवाओं से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधकर और सिर ढंककर बाहर निकलते दिखाई दिए। गर्मी के चलते शहर में आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उदयपुर शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस था। इससे पहले 12 मई को उदयपुर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आंगनवाड़ी केंद्रों का समय बदला
भीषण गर्मी के चलते उदयपुर में आंगनवाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया गया है। 16 मई से 30 जून तक आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों का समय सुबह 7 बजे से 10 बजे तक रहेगा।
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने भीषण गर्मी के मद्देनजर बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव का आधिकारिक आदेश जारी किया। मानदेय कर्मियों को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक उपस्थित रहना होगा पहले इन केंद्रों का संचालन प्रातः 07ः30 बजे से 10ः30 बजे तक किया जा रहा था। गर्मी के बीच बिजली बंद होने पर आक्रोश
शहर के कई इलाकों में गर्मी के बीच बिजली बंद होने को लेकर लोगों में गुस्सा हैं। ​असल में लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर ​पावर कट करने के बाद भी बिजली के फॉल्ट आना आम हो गया है और गर्मी में घंटों बिजली बंद होती है और लोग परेशान होते है। शहर के कई इलाकों में बुधवार की रात को भी कई बार बिजली बंद हुई। इधर, शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज तथा अव्यवस्थित विद्युत आपूर्ति को लेकर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने पटेल सर्किल स्थित अधीक्षक अभियंता, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। शर्मा ने बताया कि भीषण गर्मी के दौर में अघोषित बिजली कटौती से आमजन का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बार-बार बिजली ट्रिपिंग तथा लंबे समय तक बिजली बंद रहने से आम नागरिकों, व्यापारी वर्ग, विद्यार्थियों, अस्पतालों एवं लघु उद्योगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के जरिए उदयपुर में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने, लो वोल्टेज एवं ट्रिपिंग की समस्या का स्थायी समाधान करने, जर्जर विद्युत लाइनों एवं ट्रांसफार्मरों का शीघ्र नवीनीकरण करने की मांग की।