टोंक में 17 साल के स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। लड़के की मां का आरोप है कि बेटे की प्रेमिका और उसके माता-पिता उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे थे, जिससे वह काफी परेशान चल रहा था। सुबह करीब 8 बजे मां जगाने पहुंची तो कमरे का गेट बंद था। खिड़की से देखा तो लड़का फंदे से लटका था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। नाबालिग को सआदत हॉस्पिटल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का गुरुवार सुबह का है। मृतक जयपुर का रहने वाला था। वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ टोंक में पिछले पांच साल से किराए के मकान में रहता था। उसके पिता की मौत हो चुकी है। शुरुआती जांच में मामला एक नाबालिग लड़की के साथ प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और मानसिक परेशानी से जुडा सामने आया है। साथ में पढ़ने वाली छात्रा से था प्रेम प्रसंग कोतवाल भंवर लाल वैष्णव ने बताया- मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों और साथ पढ़ने वाले स्टूडेंट्स ने बताया- नाबालिग टोंक के निजी स्कूल में 12वीं क्लास में पढ़ता था। उसका दो साल से साथ में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच आए दिन झगड़ा भी होता था। जानकारी के अनुसार नाबालिग इस बात को लेकर काफी परेशान रहता था। उसका पढ़ाई में भी मन नहीं लग रहा था और कई बार वह खाना भी नहीं खाता था। मां ने बताया कि गुरुवार सुबह काफी देर तक बेटा कमरे से बाहर नहीं निकला। तब मैंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद मैंने उसको कई बार जोर-जोर से आवाज दी। फिर खिड़की से बुलाने के लिए अंदर देखा तो बेटा पंखे से लटका हुआ था। मैंने आसपास के लोग को मदद के लिए बुलाया और मेरे बेटे को नीचे उतारा। 2-3 महीने से घरवालों से बातचीत कम कर दी थी घरवालों को भी दोनों के प्रेम प्रसंग के बारे में पता था। इसको लेकर परिवार में काफी विवाद हुआ था। मां ने बेटे को समझाया था कि पहले पढ़ाई पूरी करे। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 2-3 महीने से उसने घरवालों के साथ उठना-बैठना भी कम कर दिया था। बातचीत भी कम कर दी थी। पूरे दिन फोन पर परेशान रहता था। वह कभी-कभी खाना भी नहीं खाता था। मां ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया लड़के की मां ने आरोप लगाया कि बेटे की नाबालिग प्रेमिका और उसके माता-पिता लगातार उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर घर में विवाद होता था। मां ने कहा- बेटा इस बात को लेकर काफी ज्यादा परेशान चल रहा था। पुलिस अब इन सभी बिंदुओं को लेकर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर टोंक डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा भी सआदत अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। —————————————————————————————————- यह खबर भी पढ़ें….

डिप्रेशन के चलते नाबालिग ने खाया जहरीला पदार्थ:5 दिन बाद इलाज के दौरान हुई मौत, मौत के कारणों की जांच जारी

भरतपुर में एक 17 साल की नाबालिग ने 9 मई को जहरीला पदार्थ खा लिया। गुरुवार सुबह 6 बजे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। (पूरी खबर पढ़ें)