अजमेर में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुरक्षा की मांग को लेकर पहुंचे एक नवविवाहित जोड़े के कारण हंगामा हो गया। एसपी ऑफिस परिसर में सोमवार दोपहर को करीब 2 बजे दोनों पक्षों के परिजन और वकील पहुंचे थे। इस दौरान दोनों पक्षों के वकीलों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन में भी लात-घूंसे चले। इससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह विवाद करीब आधे घंटे तक चला। हंगामे की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी खान मोहम्मद, सीओ शिवम जोशी और सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया और मौके से दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की। पहले देखें घटना की PHOTO’S… युवती के भाई ने कहा- वकील ने पहले पिता को मारा थप्पड़, बुआ को अपशब्द बोले लड़की के भाई ने बताया- मैंने बहन 5 दिन से मिसिंग थी। इसकी मैंने रिपोर्ट पहले दर्ज करा दी थी। आज बहन को लेने आया था। इस दौरान दूसरे पक्ष के एक एडवोकेट ने मेरे पिताजी को थप्पड़ मारा। युवक ने आरोप लगाया कि- मेरी बुआ को वकील ने अपशब्द भी बोले। पुलिस अभय कमांड सेंटर के CCTV देख रही सीओ शिवम जोशी ने बताया- सूचना मिली कि कुछ वकील अपने क्लाइंट को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे थे। तभी वकील पक्ष में अपने क्लाइंट को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। सीओ ने बताया- सूचना मिलने पर एसपी कार्यालय पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले को लेकर अभय कमांड में लगे सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। शादी किया हुआ जोड़ा एसपी कार्यालय में सुरक्षा की मांग को लेकर पहुंचा था। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और झगड़ा हो गया। मामले में जांच जारी है।
