झालावाड़ के खानपुर क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस अब सड़क पर उतरने जा रही है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खानपुर की महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा सरकार के खिलाफ 12 मई को मिनी सचिवालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में विधायक सुरेश गुर्जर ने प्रदेश की भजनलाल सरकार पर किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। झालावाड़ रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बालचंद मीणा ने की। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाई। सरकार दिल्ली के इशारों पर चल रही: सुरेश गुर्जर बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश गुर्जर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भजनलाल भाजपा सरकार जनता के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है और दिल्ली से मिले निर्देशों के आधार पर काम कर रही है। सरकार जनता को गुमराह करने में लगी हुई है, जबकि पिछले ढाई वर्षों में धरातल पर कोई उल्लेखनीय काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है। किसानों को फसल खराब होने का उचित मुआवजा नहीं मिल रहा, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद नहीं हो रही और खरीद प्रक्रिया भी समय पर पूरी नहीं की जा रही है।
परवन परियोजना, पानी-बिजली और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल विधायक गुर्जर ने परवन परियोजना के डूब क्षेत्र के किसानों और प्रभावित परिवारों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित लोगों को न तो उचित मुआवजा दिया गया और न ही उनका सही पुनर्वास किया गया। उन्होंने खानपुर क्षेत्र में गहराते जल संकट, भीषण गर्मी में चरमराई बिजली व्यवस्था और खराब चिकित्सा सेवाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। गुर्जर ने कहा कि अस्पतालों में व्यवस्थाएं बदहाल हैं और आम आदमी को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है। शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों के कई पद खाली पड़े हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा खानपुर क्षेत्र के लोगों को टोल विसंगतियों की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है, जबकि क्षेत्र की सड़कें जर्जर हालत में हैं। अखबारों में विज्ञापन, जमीन पर काम नहीं सुरेश गुर्जर ने कहा कि सरकार केवल अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन देकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास और जनहित के नाम पर सरकार के पास दिखाने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आमजन के हितों की रक्षा और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर 12 मई के जन आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद बैठक में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भवानीशंकर गुर्जर, ललित राठौर, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल मीणा, नगर अध्यक्ष शिवम गुप्ता, राकेश सोनी, अमरलाल जादम, हनुमान रामावत, भेरूलाल मेहरा, कमलेश बाई मेहता, महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष हेमलता यादव, मंडल अध्यक्ष प्रमोद सोनी, योगेंद्र सुमन, सुरेंद्र मेहता, रामचन्द्र गुर्जर, इन्द्रराज नागर, बिरधिलाल सुमन, मदनलाल वर्मा, भवानीशंकर बैरवा, हरिराम मीणा, रामबिलास मीणा, रघु मालव, रामकिशन धनोलिया, मांगीलाल सुमन, मुफ्फदल बोहरा, अशोक मीणा, महेंद्र यादव, हकीम बोहरा, सियाराम धाकड़, पारस मीणा, रामस्वरूप मीणा, देवेंद्र गोरिया, राम नागर, अहमद अली, सुनील मीणा, सियाराम मीणा, जगदीश मीणा, तालिब बोहरा, मोहित गौतम सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
