डूंगरपुर में ‘ऑपरेशन संस्कार’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरदा थाना पुलिस ने स्कूल-कॉलेज के पास स्टंट और हुड़दंग मचाने वाले पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन युवकों से पांच पावर बाइक भी जब्त की हैं। वरदा थानाधिकारी रिजवान खान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने हाल ही में सरोदा और वरदा थानों में जनसुनवाई की थी। इस दौरान आमजन ने ‘ऑपरेशन संस्कार’ को और तेज करने की मांग की थी। जनसुनवाई में लोगों ने शिकायत की थी कि स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय युवा तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हैं और स्टंटबाजी व हुड़दंग मचाते हैं। इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी रिजवान खान के नेतृत्व में टीम ने निगरानी बढ़ा दी। निगरानी के दौरान स्टंटबाजी कर शांति भंग करने वाले पांच युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनकी पांच पावर बाइक भी जब्त कर ली हैं। थानाधिकारी रिजवान खान ने बताया कि इस कार्रवाई से अपराधियों और शांतिभंग करने वालों को कड़ा संदेश दिया गया है।
