प्रतापगढ़ पुलिस ने पिछले महीने हुई डॉक्टर की हत्या मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शराब पीने के दौरान हुई गाली-गलौज के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। पीपलखूंट थाना अधिकारी छबिलाल ने बताया- 15 अप्रैल को बोरी पी गांव में डॉक्टर सेवालाल के शादी समारोह में नोत और प्रीतिभोज का आयोजन था। इसमें शामिल होने के लिए बांसवाड़ा निवासी डॉक्टर मोहित मछार भी पहुंचे थे। 18 अप्रैल को बांसवाड़ा निवासी कलसींह मछार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि शादी समारोह में गए डॉक्टर मोहित अभी तक घर नहीं लौटे हैं और लापता हैं। बिना मुंडेर के कुएं में मिला शव पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। 19 अप्रैल को मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि बोरी पी गांव में दिनेश मीणा के बिना मुंडेर के कुएं में एक शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। सूचना पर पहुंचे कलसींह और परिजनों ने शव की शिनाख्त मोहित मछार के रूप में की। पुलिस ने बाद में कुएं को खाली करवाकर मोहित का पर्स, मोबाइल, बनियान और लोअर बरामद किए। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखी और बोरी पी निवासी नितेश मीणा तथा कैलाश डामोर पर शक होने पर पूछताछ के लिए बुलाया। शराब पीने के दौरान हुई गाली-गलौज पूछताछ में दोनों ने बताया कि शादी वाले दिन वे और अन्य लोग डॉक्टर मोहित के साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान मोहित ने गाली-गलौज की थी, जिससे नाराज होकर उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
