श्रीगंगानगर में घर के बाहर खेल रहे 4 साल के मासूम पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के पीठ और बाजू पर काट लिया। घटना श्रीगंगानगर जिले के गजसिंहपुर में पदमपुर रोड स्थित वार्ड नंबर-8 की है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुत्ता बच्चे को काट रहा है। घटना गुरुवार शाम 7:17 बजे की है। मणि (4) अपने घर के बाहर अकेला खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता वहां से गुजर रहा था। अचानक कुत्ते ने बच्चे पर हमला बोल दिया। कुत्ते ने मणि की पीठ और बाजू पर दांत गड़ा दिए। बच्चा जोर-जोर से चीखने लगा। कुत्ते ने उसे जमीन पर पटक दिया और घसीटकर ले जाने लगा। हिम्मत नहीं हारी और लगातार शोर मचाता रहा मासूम
भयभीत मणि ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार शोर मचाता रहा। उसकी चीखें सुनकर कुत्ता घबरा गया और बच्चे को छोड़कर भाग निकला। बच्चा किसी तरह घर की तरफ भागा। चीख-पुकार सुनकर घर से महिलाएं और आस-पास के लोग दौड़े आए। परिजनों ने तुरंत बच्चे को सरकारी अस्पताल ले जाकर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाए। बच्चे को बाजू व पीठ पर चोट लगी है। हालांकि, बच्चे की हालत नॉर्मल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक साल में इस इलाके में आवारा कुत्तों ने दर्जनों लोगों को अपना शिकार बनाया है। बच्चों और महिलाओं पर बार-बार हमले हो चुके हैं। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। न तो कुत्तों की नसबंदी (स्टेरलाइजेशन) का कोई अभियान चलाया गया और न ही उन्हें पकड़कर सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करने की कोई ठोस कार्यवाही हुई। वार्डवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है। घटना के बाद पूरे कस्बे में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आवारा कुत्तों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।