पश्चिम बंगाल में जीत के बाद CMO में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्रियों और बीजेपी नेताओ ने झालमुड़ी खाकर जीत का जश्न मनाया। चुनाव परिणाम के बाद पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, अशोक परनामी, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, मंत्री मदन दिलावर, हीरालाल नागर, कन्हैया लाल चौधरी, गौतम दक, जोगाराम पटेल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ आदि सोमवार दोपहर को मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। इस दौरान सभी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ झालमुड़ी खाई। इस दौरान विधायक कालीचरण सराफ, मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मंजू शर्मा, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित कई नेता भी मौजूद रहे। सीएम भजनलाल शर्मा को जीत की बधाई दी थी। पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने और पुडुचेरी में एनडीए की सरकार बनने पर सोमवार शाम को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में जश्न मनाया जाएगा। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को कई किलो की भारी माला पहनाई गई। वहीं भाजपा मुख्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी खाई। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने अपने हाथों से झालमुड़ी बनाकर कार्यकर्ताओं को खिलाई। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- यह जीत पीएम मोदी के सुशासन की जीत है। अब बंगाल भी डबल इंजन की सरकार में विकास के पहिए पर दौड़ेगा। पहले देखें CMO और भाजपा मुख्यालय में खुशी मनाने की PHOTOS भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष ने बनाई झालमुड़ी, कार्यकर्ताओं ने खाई प्रदेश बीजेपी कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी खाई। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने अपने हाथों से झालमुड़ी बनाकर कार्यकर्ताओं को खिलाई। इस दौरान शंकर गोरा ने कहा- इस झालमुड़ी का स्वाद लंबा चलेगा। राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव में भी झालमुड़ी के साथ बीजेपी का स्वाद चढ़ेगा। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी राठौड़ ने भी झालमुड़ी खाई। प्रदेशाध्यक्ष बोले- बंगाल में अब घुसपैठ बंद होगी, सुशासन आएगा भाजपा मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- आज बंगाल की जीत पर देश का हर राष्ट्रभक्त नागरिक खुश है। वो चिंतित था कि बांग्लादेश से सटे राज्य में ममता सरकार बांग्लादेश से घुसपैठ करवा रही थी, लेकिन अब वो घुसपैठ भी बंद होगी। वहीं अब पश्चिम बंगाल सुशासन की ओर बढ़ेगा। उन्होंने कहा- इस जीत में सीएम भजनलाल शर्मा और उनकी टीम का भी बड़ा योगदान है। मुख्यमंत्री ने कहा- श्यामा प्रसाद मुखर्जी का दूसरा सपना पूरा हुआ सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- आज ऐतिहासिक दिन है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी का दूसरा सपना आज पूरा हुआ है। अब तक बंगाल में जिस तरह से तुष्टीकरण हो रहा था। हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई थी। कितने ही कार्यकर्ता विकलांग हो गए। आज उन सभी कार्यकर्ताओं की जीत है। सीएम ने कहा- बंगाल में कोई भी व्यापारी सुरक्षित रूप से व्यापार नहीं कर सकता था। इस जीत में प्रवासी राजस्थानियों का भी योगदान है। उन्होंने कहा- पीएम मोदी एक विजन लेकर चलते हैं। युगों-युगों में ऐसे व्यक्ति जन्म लेते हैं। सीएम ने कहा- इसी तरह से राजस्थान आने वाले समय में इतिहास रचेगा। आने वाले समय में प्रदेश में भी बड़े बहुमत से बीजेपी की सरकार रिपीट होगी।
