मोहाली के डेराबस्सी के गांव मीरपुर मुबारकपुर में रविवार को एक वकील और उनके पिता पर हमला किया गया। बार एसोसिएशन के एग्जीक्यूटिव सदस्य एडवोकेट हरप्रीत सिंह सैणी और उनके पिता को बेरहमी से पीटा गया, जिसके बाद दोनों को डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है। यह घटना कथित अवैध निर्माण को लेकर हुए विवाद के कारण हुई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले सुखविंदर सिंह उर्फ पप्पू और उसके साथियों ने अवैध निर्माण का विरोध करने पर डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही बार एसोसिएशन के प्रधान विक्रमजीत सिंह दप्पर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान बड़ी संख्या में वकील भी अस्पताल में एकत्र हुए और इस हमले के खिलाफ रोष व्यक्त किया।बार एसोसिएशन ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रधान विक्रमजीत सिंह दप्पर ने पंजाब सरकार से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को जल्द लागू करने की मांग दोहराई, ताकि वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वकील समुदाय ने दी चेतावनी वकील समुदाय ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करेंगे। इस मौके पर कई अधिवक्ता मौजूद थे और सभी ने एकजुट होकर न्याय की मांग की।मुबारकपुर चौकी इंचार्ज कुलवंत सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है और बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पीड़ित एडवोकेट हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि अवैध निर्माण को लेकर नगर कौंसिल को कई बार शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कदम उठाए जाते तो इस घटना को टाला जा सकता था।