डूंगरपुर जिले में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर वन विभाग 1 मई को शाम 5 बजे से वन्यजीव गणना करेगा। यह गणना 2 मई को शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके तहत जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियों का आकलन किया जाएगा। उपवन संरक्षक मोहित गुप्ता ने बताया कि जिले के कुल 9 वन क्षेत्रों में चयनित 38 जल स्रोतों (वाटर होल्स) पर वन्यजीवों की गिनती की जाएगी। गर्मी के मौसम में पानी पीने आने वाले वन्यजीवों की उपस्थिति के आधार पर उनकी संख्या का आकलन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए लगभग 110 वन कार्मिकों को तैनात किया गया है। ये कार्मिक अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी रखते हुए सटीक आंकड़े जुटाएंगे। इसके अतिरिक्त आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए 6 ट्रेप कैमरे भी लगाए गए हैं, जो रात और दिन दोनों समय वन्यजीवों की गतिविधियों को रिकॉर्ड करेंगे। वन विभाग का मानना है कि इस गणना से क्षेत्र में वन्यजीवों की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा। यह जानकारी संरक्षण और प्रबंधन की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगी।