जगराओं में रात के समय घर लौट रही एक महिला को दातर दिखाकर लूटने के आरोप में थाना सिटी पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव देहड़का निवासी प्रभजोत सिंह और अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी शहर में आकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। इस संबंध में थाना सिटी के इंचार्ज परमिंदर सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोहल्ला असमानी गली निवासी आशा रानी ने पुलिस को शिकायत दी थी। आशा रानी गांव चक्कर स्थित एक निजी स्कूल में अकाउंटेंट का काम करती हैं। पीड़िता बोली- पीछे से आए दो युवक आशा रानी ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना वाली रात वह सब्जी मंडी से सब्जी लेकर पैदल घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के नजदीक पहुंचीं, अचानक पीछे से दो युवक आ गए।आरोपियों में से एक के हाथ में लोहे की दातर थी। दोनों ने महिला को डराकर उसका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। महिला के पर्स में 4200 रुपये नकद, दो चांदी के कड़े, एक चांदी का ब्रेसलेट, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इलाके में पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।