राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। जैसलमेर में 40 साल में दूसरी बार अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इससे पहले पिछले साल अप्रैल में ही इतना तापमान दर्ज हुआ था। वहीं, जयपुर में दिन का पारा 43.5 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम केंद्र के अनुसार ये सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा है। सोमवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण दोपहर बाद हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर सहित कई शहरों आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, अलवर समेत इनके आसपास के एरिया में घने बादल छाने के साथ धूलभरी आंधी चली। इधर, मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में 28 अप्रैल को भी 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 2 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। राजस्थान में गर्मी की तस्वीर… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म… राजस्थान में गर्मी के बड़े अपडेट्स… जिला कलेक्टर्स ले सकेंगे डिसीजन: जिले में तापमान ज्यादा होने पर जिला कलेक्टर्स अब स्कूलों की छुट्‌टी भी कर सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय इससे पहले स्कूलों के संचालन समय में बदलाव करने के डिसीजन को भी आदेश निकाल चुका है। जयपुर में न दिन में चैन न रात में: सोमवार को राजधानी एक्सट्रीम हीट की चपेट में रही। यहां दिन का तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री ऊपर 43.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं, रात का तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री ऊपर 31.7 डिग्री रहा। सभी शहरों में पारा 40 के ऊपर: पिछले 24 घंटे में सभी शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर, धौलपुर, करौली के अलावा जयपुर और उसके आसपास के एरिया में दिन में लू चली। जैसलमेर में सर्वाधिक तापमान: जैसलमेर में सोमवार को पारा फिर से 45.4 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम केंद्र के अनुसार 40 साल में दूसरी बार पारा इस लेवल पर आया है। रात का तापमान भी 15 साल पुराने लेवल पर 30.1 डिग्री दर्ज हुआ। आखिरी बार साल 2010 के अप्रैल में न्यूनतम तापमान इस लेवल पर था। जिले में 8वीं क्लास तक बच्चों का टाइम भी बदला गया है। अंधड़ से टेंट फटा, बचने के लिए भागे लोग: टोंक के नगरफोर्ट के रतनपुरा में अंधड़ ने रविवार को धाकड़ समाज के सामूहिक विवाह में तबाही मचाई। इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। यहां आंधी से टेंट फट गया और पोल गिर गए। बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे: दोपहर तक तेज गर्मी और हीटवेव के बाद गंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ के एरिया में मौसम में बदलाव हुआ। बीकानेर, गंगानगर में ओले गिरे। हनुमानगढ़, चूरू सहित कई जिलों में धूलभरी हवा चली और हल्की बारिश भी हुई। आगे क्या… राजस्थान के प्रमुख शहरों का हाल जयपुर में पारा 43 डिग्री के पार, शाम को आंधी चली जयपुर में सोमवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तेज गर्मी के साथ जयपुर में दिन में लू चली। दिनभर गर्मी के बाद शाम करीब 5 बजे जयपुर के मौसम में बदलाव हुआ। कई ​इलाकों में धूलभरी हवा चली और हल्की बूंदाबांदी हुई। आज भी आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। अजमेर में गर्मी ने 3 साल का रिकॉर्ड तोड़ा अजमेर में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सीजन का सर्वाधिक टेंपरेचर रहा। मौसम विभाग के आंकड़े देखें तो बीते 3 साल में अप्रैल में दिन का पारा 42.3 डिग्री के ऊपर नहीं गया है। जेएलएन हॉस्पिटल की इमरजेंसी में हीट वेव से पीड़ित मरीजों के लिए आइस पैक तैयार किए गए हैं। कोटा में गर्मी ने 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ा कोटा में तेज धूप व गर्म हवा से लोग परेशन हैं। मंगलवार सुबह 11 बजे ही पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया। कोटा में सोमवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। करीब 8 साल बाद पारा 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले साल 2018 के अप्रैल महीने में पारा 45.6 डिग्री दर्ज था। सीकर में दिन में गर्मी शाम को बारिश हुई सीकर में आज फिर तेज गर्मी शुरू हो गई है। हालांकि, हल्के बादल छाए हुए हैं और हवा चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार सीकर इलाके में एक सप्ताह तक लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम बना रहेगा। यहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर ही बना हुआ है। भगवान ने किया नौका विहार उदयपुर में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। 26 और 27 अप्रैल दोनों दिन में अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय तेज गर्मी में कोई राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली। अलवर में बारिश हुई अलवर में सोमवार को दिन का तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा। सुबह से कुछ इलाकों में बादल भी छाए रहे। शाम करीब 7 बजे तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। जोधपुर में पारा 44 डिग्री पहुंचा जोधपुर शहर में दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सोमवार को दिनभर मौसम साफ रहा। तेज गर्मी की वजह से दिन में 12 बजे से शाम 4 बजे तक प्रमुख सड़कें ओर बाजार सूने नजर आए।