गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही प्रशासन हीटवेव को लेकर अलर्ट हो गया है। तहसीलदार श्रीराम मीणा ने सोमवार को नांगल शेरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में हीटवेव से निपटने की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। पीएचसी में इनवर्टर की सुविधा नहीं निरीक्षण में सामने आया कि बिजली कटौती की स्थिति में पीएचसी में इनवर्टर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। मरीजों के लिए आइस पैक की सुविधा भी मौजूद नहीं है, जबकि दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। निरीक्षण के दौरान दवा का स्टॉक देखा तहसीलदार ने पीएचसी इंचार्ज डॉ. कृष्ण शंकर योगी को व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया। मीणा ने चिकित्सा कर्मियों को निर्देशित किया कि तापमान बढ़ने के साथ उल्टी-दस्त सहित लू जनित अन्य रोगों के उपचार के लिए सभी आवश्यक संसाधन समुचित मात्रा में उपलब्ध होने चाहिए, ताकि आम लोगों को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने अस्पताल में कूलरों की पर्याप्त उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही, बिजली नहीं होने की स्थिति में जनरेटर व्यवस्था को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।
