सैंथल उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुंडल में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे सरकारी हॉस्पिटल रोड पर एक छप्परपोश में आग लग गई। इस घटना में एक भैंस की जलकर मौत हो गई, जबकि स्थानीय लोगों की मदद से पांच अन्य पशुओं को सुरक्षित बचा लिया गया। पशु डॉक्टर अभिषेक शर्मा ने बताया कि कैलाश शर्मा के छप्परपोश में अचानक आग लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैली और अंदर बंधी एक भैंस उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अन्य पांच पशुओं को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग बुझाने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पीड़ित कैलाश शर्मा ने बताया कि आग में 100 मन तुड़ा (चारा) और मोटर स्टार्टर केबल जलकर राख हो गए। घटना की सूचना पर कोलवा पुलिस, पटवारी और पशु चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सा टीम ने मृत भैंस का पोस्टमार्टम किया।