भीषण गर्मी के कारण पाली जिले के स्कूलों की टाइमिंग में सोमवार(27 अप्रैल) से बदलाव किया गया है। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने रविवार को एक आदेश जारी किया। इसके तहत जिले में संचालित समस्त सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में प्री-प्राइमरी से क्लास 8वीं तक के स्टूडेंट्स और आंगनबाड़ी केन्द्रों के साथ बाल वाटिका के बच्चों के लिए समय सुबह साढ़े 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। आदेश के अनुसार- यह समय केवल स्टूडेंट्स के लिए रहेगा। जबकि सभी टीचर स्कूल में नियमित उपस्थित रहेंगे। पाली के जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) को निर्देश दिए गए कि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के सहयोग से जिले के सभी स्कूलों में इस आदेश की पालना सुनिश्चित करवाई जाए। आदेश के मुताबिक- निर्देशों की अवहेलना करने वाले स्कूलों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जिले में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी हीट वेव (लू) की चेतावनी दी है। पाली में संडे को भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री तक रहा। तेज गर्मी से लोग परेशान रहे।