हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 980 ग्राम पोस्त चूरा और 53,300 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत की गई। आरोपी की पहचान सूर्यांश कुमार (21) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कानपुर, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में हनुमानगढ़ टाउन के होटल पंजाबी तड़का में रह रहा था। पुलिस को मुखबिर से युवक के मादक पदार्थ तस्करी में शामिल होने की गोपनीय सूचना मिली थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और सूर्यांश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 980 ग्राम पोस्त चूरा व छिलका पोस्त और बिक्री के 53,300 रुपये जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच सुरेशिया चौकी प्रभारी एसआई गुरदेव सिंह कर रहे हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को इसकी आपूर्ति करता था। कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई मोहर सिंह, एएसआई राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल महंगा सिंह, महिला कांस्टेबल बालादेवी और ड्राइवर भीमसेन शामिल थे। एएनटीएफ चौकी पुलिस ने इस मामले में गोपनीय सूचना जुटाने में अहम भूमिका निभाई।