महुडिखेड़ा में पृथ्वी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गांव की 42 महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिलाओं ने 525 सीड बॉल्स तैयार किए। इन सीड बॉल्स को मिट्टी और वर्मी कम्पोस्ट खाद से बनाया गया, जिनमें बीज डाले गए। इनका उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना और पौधारोपण को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर आयोजित ग्राम सभा/चौपाल में ग्रामीणों को संबोधित किया गया। वक्ताओं ने “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” संदेश के साथ पृथ्वी दिवस मनाने की बात कही। उन्होंने जोर दिया कि ग्रामीण जीवन प्रकृति पर आधारित है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी जिम्मेदारी ग्रामीणों की ही है। इस दौरान तीन कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। इनमें खेतों की मेड़ों पर अधिक पेड़ लगाना, रासायनिक खादों का उपयोग कम कर गोबर एवं जैविक खाद को बढ़ावा देना और वर्षा जल संरक्षण के लिए तालाबों की सफाई व सोखता गड्ढों का निर्माण शामिल है। कार्यक्रम में रिलायंस फाउंडेशन से रघुवीर सिंह और प्रकृति फाउंडेशन संस्था से विनीता, पिंटू कुमार मीणा, राजूलाल गायरी तथा ज्योति शर्मा उपस्थित रहे। इन सभी ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया और इस पहल में योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं और ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजकों ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण का आह्वान किया।