अमृतसर के कटड़ा दुलों की श्री कृष्ण बाल यंग सभा की ओर से आज रामनवमी के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शाम साढ़े 4 बजे गौर जी मंदिर से शुरू हुई यात्रा पूरे शहर में श्रद्धा और उत्साह का संचार करती हुई शाम साढ़े 6 बजे संपन्न हुई। प्रधान मुनीश मेहरा के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में कुल 10 रथों पर सुंदर झांकियां सजाई गईं। पानीपत से आए 80 ढोल वाले ढोल की थाप पर झांकियों और श्रद्धालुओं ने भरपूर नृत्य किया। इस आयोजन ने दर्शकों और भक्तों के चेहरे पर मुस्कान और आनंद बिखेरा। लोगों ने किया झांकियों का स्वागत यात्रा कटड़ा भाई संत सिंह से शुरू होकर टुंडा तालाब, जंगी शिवाला, चौरस्ती अटारी, गुरु बाजार, शास्त्री मार्केट, कटड़ा आहलुवालिया, गलियारा, मिश्री बाजार, मजीठा मंडी से होते हुए टुंडा तालाब, चौक ढाब खटीका और लोहगढ़ चौक होते हुए गौर जी मंदिर में समाप्त हुई। मार्ग के प्रत्येक स्थान पर स्थानीय लोगों ने झांकियों का स्वागत किया और भक्तिमय माहौल का आनंद लिया। यात्रा में सैकड़ों लोग हुए शामिल यात्रा के दौरान पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों ने मार्ग पर सुरक्षा और मार्गदर्शन सुनिश्चित किया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे यह कार्यक्रम और भी जीवंत बन गया। प्रधान मेहरा ने बताया कि इस प्रकार की सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों का उद्देश्य नगरवासियों में रामनवमी के प्रति भक्ति और सांस्कृतिक चेतना जागरूक करना है। आयोजन समिति की मेहनत और तैयारी के कारण यह शोभायात्रा नगर के लिए यादगार सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव बन गई।