बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों शादी समारोह में काम करने के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं महिला के हाथ-पैर टूट गए। महिला और एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे पलाना गांव की ओर जाते समय धारणिया पेट्रोल पं से 500 मीटर आगे हुआ। हादसे से जुड़े PHOTOS… शादी समारोह में जाते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, बाइक पर लेखराम, भंवरी देवी और नाबालिग कुलदीप सवार थे। तीनों किसी विवाह समारोह में मजदूरी के लिए पलाना गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि लेखराम और भंवरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कुलदीप को पीबीएम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आपस में रिश्तेदार नहीं थे। पुलिस ने शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया घटना की सूचना मिलते ही गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घायल कुलदीप को भी पुलिस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। समाजसेवियों ने एंबुलेंस से पहुंचाए शव घटना की जानकारी मिलने पर खिदमतगार खादिम सोसायटी असहाय सेवा संस्थान के हाजी जाकिर, हाजी नसीम, राजकुमार खड़गावत, जुनैद खान, रमजान, इमरान, अयूब, हाजी मलंग बाबा, शकील और शाएब एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। इन्हीं लोगों ने पुलिस के निर्देशन में शवों को पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए।