पंजाब के संगरूर जिले में देर रात एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह घटना संगरूर-पटियाला बाईपास पर इलवाल-संगरूर सड़क के पास हुई, जहां एक कार और थार गाड़ी के बीच टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, लुधियाना से नरवाना जा रही एक स्विफ्ट कार में शिकायतकर्ता, उनके चाचा के लड़के सतीश शर्मा (पुत्र अभय राम शर्मा, निवासी बाबा सैन भगत कॉलोनी, लुधियाना) और ड्राइवर नवीन (पुत्र सोहन लाल, निवासी समराला चौक के पास, लुधियाना) सवार थे। पीछे से तेज रफ्तार थार गाड़ी ने मारी टक्कर जब उनकी कार संगरूर-पटियाला बाईपास पर इलवाल-संगरूर सड़क के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने लापरवाही से उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्विफ्ट कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वह सड़क किनारे खाई में जा गिरी।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला। शिकायतकर्ता और ड्राइवर नवीन को गंभीर चोटें आईं। सीट के बीच में फंस गया, निकालने तक मौत हो गई पीछे की सीट पर बैठे सतीश शर्मा कार की सीटों में फंस गए और बेहोश हो गए थे। राहगीरों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सतीश शर्मा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, बयान दर्ज किए और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
